नयी दिल्ली 28 फरवरी (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर चमोली जिले में ग्लेशियर फटने की घटना के बारे में जानकारी ली है।
श्री शाह ने भारत तिब्बत सीमा पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के महानिदेशकों के साथ भी बात की है और कहा है कि हादसे में फंसे लोगों को प्राथमिकता से निकाला जाना चाहिए।
गृह मंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक पोस्ट में कहा , “ उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर फटने के संदर्भ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आईटीबीपी तथा एनडीआरएफ के डीजी से बात की। हादसे में फँसे लोगों को सुरक्षित निकालना हमारी प्राथमिकता है। स्थानीय प्रशासन बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से लगा हुआ है। एनडीआरएफ की दो टीमें भी जल्द ही घटना स्थल पर पहुँच रही हैं।”
उल्लेखनीय है कि भारत-तिब्बत-चीन सीमा पर स्थित माणा गांव में आज पूर्वाह्न भारी बारिश और हिमपात के बीच हिमस्खलन होने से सड़क निर्माण कार्य में जुटे 57 श्रमिकों के दबने की सूचना से शासन में खलबली मच गई।
राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की महानिरीक्षक (आईजी) रिद्धिम अग्रवाल, के अनुसार अभी 15 श्रमिकों को निकाला जा चुका है।
