
मंदसौर। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नई आबादी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1 किलो अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये मूल्य की अफीम, एक मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में मुखबिर की सूचना पर आरोपी बालकृष्ण उर्फ कान्हा (24) निवासी ग्राम रिछा बच्चा, थाना दलौदा को अफीम का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध थाना नई आबादी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा जब्त मोबाइल की तकनीकी एवं साइबर जांच की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी नई आबादी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
