इंदौर: शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. यातायात पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग और विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर व्यापक कार्रवाई की जा रही है, जिससे अब सड़कों पर इसका असर साफ दिखाई देने लगा है.पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह तथा यातायात डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में शहर के चारों जोन में विशेष पेट्रोलिंग टीमें सक्रिय हैं. इन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे हर क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्हील लॉक और चालानी कार्रवाई के माध्यम से यातायात को व्यवस्थित करें.
जिसके तहत यातायात पुलिस की विभिन्न टीमों ने प्रमुख मार्गों, व्यस्त बाजारों और अधिक दबाव वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग की. इस दौरान अवैध पार्किंग के साथ ही रॉन्ग साइड चलने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने और लापरवाही बरतने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई. दो दिन चले इस अभियान के दौरान 221 रॉन्ग पार्किंग, 85 मोबाइल उपयोग, 137 सिग्नल उल्लंघन, 51 बिना लाइसेंस, 177 नंबर प्लेट संबंधी गड़बड़ी, 33 ब्लैक फिल्म, 79 बिना बीमा और 72 वन-वे उल्लंघन के मामलों में चालान बनाए. इसके अलावा भी वाहन चालकों द्वारा अन्य नियमों के उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की है.
लगातार पेट्रोलिंग का असर अब शहर में नजर आने लगा है. जिससे यहां प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर अवैध पार्किंग में कमी आई है, वहीं कई स्थानों पर यातायात पहले की तुलना में अधिक सुगम हुआ है. पुलिस की मौजूदगी से वाहन चालकों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ी है, वहीं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम की स्थिति भी नियंत्रित हुई है. यातायात डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और सख्त कार्रवाई की जा रही है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. यातायात विभाग आम नागरिकों से अपील है कि वे नियमों का पालन करें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे.
पेट्रोलिंग का असर…
शहर में लगातार हो रही पेट्रोलिंग के चलते जहां अवैध पार्किंग में आई कमी, वहीं प्रमुख मार्गों पर यातायात काफी सुगम हो गया है. जिससे वाहन चालकों में जागरुकता भी देखी जा रही है. इतना ही नहीं इन दिनों शहर में कई जगह जाम की स्थिति में भी आई कमी देखी जा रही है. यही कारण हैं कि इन बाजार क्षेत्रों में बेहतर यातायात प्रबंधन भी देखने को मिल रहा है. यातायात पुलिस का कहना है कि शहर में व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
