
इंदौर:क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ “ब्राउन शुगर” के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से करीब 30 ग्राम ब्राउन शुगर अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 3 लाख रुपए और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई है. क्राईम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर रही है.पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई.
पुलिस को सूचना मिली थी कि हुकुमचंद मिल एरिया स्थित साईं मंदिर के पास आम रोड पर एक व्यक्ति संदिग्ध रूप से घूम रहा है. क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर घबराने लगा, घेराबंदी कर उसे पकड़ा. पूछताछ में उसने अपना नाम बादल धनोलिया निवासी तेजाजी नगर बताया. तलाशी लेने पर उसके पास से 30 ग्राम ब्राउन शुगर मिली. आरोपी ने कबूला कि वह सस्ते दामों में ब्राउन शुगर खरीदकर शहर में नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचता था.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बादल के खिलाफ पहले से आधा दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. एडीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में अन्य तस्करों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. क्राइम ब्रांच का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि शहर को नशे के कारोबार से मुक्त किया जा सके.
