जबलपुर: शहर की आध्यात्मिक और सामाजिक गतिविधियों के केंद्र गीता भवन की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ और जन-उपयोगी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने संयुक्त रूप से परिसर और आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने गीता भवन के प्रवेश द्वार से लेकर अंदर तक सारी आवश्यक व्यवस्थाओं को चाकचौबंद रखने निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रवेश और निकास की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिससे भीड़ का प्रबंधन सुचारू रूप से हो सके और किसी भी आगंतुक को असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी द्वय ने परिसर एवं ग्रीन रूम में नियमित साफ-सफाई उत्तम रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश मार्ग को और अधिक सुसज्जित और प्रकाशयुक्त बनाने की दिशा में भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों से कहा, ‘गीता भवन न केवल एक आस्था का केंद्र है, बल्कि शहर की गरिमा का प्रतीक भी है। यहाँ आने वाले हर नागरिक को एक सुखद और सुरक्षित अनुभव मिलना चाहिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम की ओर से अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
