अन्न सुरक्षा संकल्प अभियान: सोयाबीन किसानों को मिलेगा मुआवजा, धान पर बढ़ा बोनस

सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में अतिवृष्टि या बीमारी से प्रभावित सोयाबीन फसल का सर्वे कराया जा रहा है और किसानों को क्षति का समुचित मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित सोयाबीन का एमएसपी 5300 रुपये ही प्रदेश के किसानों को मिलेगा, किसी किसान को घाटा नहीं उठाना पड़ेगा। धान पर बोनस बढ़ाने और भावांतर भुगतान योजना से किसानों को सीधा लाभ देने की घोषणा भी की गई।

मुख्यमंत्री ने जैसीनगर में आयोजित अन्न सुरक्षा संकल्प जागरूकता अभियान में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसानों व लाड़ली बहनों के जीवन को बेहतर बनाने का काम कर रही हैं। दीपावली के बाद लाड़ली बहनों को हर माह 1500 रुपये की राशि मिलेगी। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ पशुपालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। दुग्ध उत्पादन में प्रदेश को प्रथम स्थान पर लाने के लिए गौशाला खोलने पर 40 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 215 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया तथा सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन सिंगल विंडो पोर्टल का शुभारंभ किया। खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि नए अभियान से राशन वितरण और अधिक पारदर्शी होगा। सांसद डॉ. लता वानखेडे ने इसे भूखमुक्त मध्यप्रदेश की दिशा में बड़ा कदम बताया।

Next Post

मोदी ने पीएम कुसुम योजना के लाभार्थियों से किया संवाद

Thu Sep 25 , 2025
बांसवाड़ा, 25 सितम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर गुरूवार को राजस्थान के बांसवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभर के पीएम कुसुम योजना के लाभार्थियों से संवाद किया। इस दौरान श्री मोदी ने राजस्थान में फलौदी से पप्पू देवी, कोटपूतली से धर्मेंद्र कुमार, […]

You May Like