
भोपाल। पिपलानी थाना इलाके में एक व्यवसायी के साथ करीब डेढ़ लाख रूपए की ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित ने थाने में अज्ञात सायबर जालसाजों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है. पिपलानी पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक व्यवसायी जगदीश सिंह (50) कर्मवीर नगर पिपलानी में रहते हैं. जगदीश ने पुलिस को बताया कि वह आक्सीजन सिलेंडर की सप्लाई करने का काम करते हैं. उनके पास करीब एक महीने पहले वाट्सएप नंबर पर एक लिंक आई. उन्होंने जैसे ही उसे खोला तो एक ग्रुप में वह एड कर लिए गए. इस गुप में कई मेंबर थे जो कि ट्रेड में निवेश का काम ऑनलाइन तरीके से कर रहे थे. वह अलग-अलग कंपनियों में पैसा लगाते थे, जिसके बाद उन्हें मुनाफा होता था. जगदीश भी इस झांसे में आने लगे और उन्होंने भी ट्रेड में निवेश के लिए शुरूआत में 2 हजार रुपए लगा दिए. इसका उनको फायदा भी दिखा और वह लगातार रकम लगाते गए. उन्होंने जब 1 लाख 59 हजार रुपए का निवेश किया, तो इसके बाद उन्हें कोई भी मुनाफा उस ग्रुप में दिखाया नहीं गया. संबंधितों से संपर्क करने की उन्होंने कोशिश की, लेकिन कोई रिश्पांस नहीं मिला. ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पिपलानी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
