
भोपाल। ऐशबाग थाना पुलिस ने गौवंश के मामले में 5 हजार रूपये के फरार ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को देर रात पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति पुष्पा नगर पार्किंग ग्राउंड के पास अवैध देशी पिस्टल लिये घूम रहा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी करो घेराबंदी कर पकड़ा. आरोपी से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मोहम्मद अमन (25) कम्मू का बाग का बताया. आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास से पुलिस को एक देशी पिस्टल और 4 नग जिन्दा कारतूस मिले. अवैध हथियारों के बारे में वह कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर कार्रवाई की. आरोपी के खिलाफ गौवंश वध का मामला दर्ज था और उस पर 5 हजार रूपये का इनाम भी घोषित था. फरारी इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया.
