शांति सैनिकों पर हमलों की जवाबदेही बेहद जरुरी – भारत

न्यूयॉर्क, 16 जुलाई (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पी. हरीश ने कहा है कि शांति सैनिकों पर हमलों के मामले में जवाबदेही का होना न केवल इंसाफ के लिए बल्कि दुनियाभर में इस संगठन के शांति अभियानों के लिए भी जरुरी है।
श्री हरीश ने यहां संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों को खतरनाक क्षेत्रों में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। लेकिन कई मामलों में उनके खिलाफ हुए अपराधों की कोई सजा नहीं मिलती। जवाबदेही की यह कमी अंतर्राष्ट्रीय शांति प्रयासों को कमजोर बनाती है और इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता है। यह कार्यक्रम ‘ग्रुप ऑफ फ्रेंडस’ नाम के एक समूह ने आयोजित किया था।
उन्होंने अपराधियों को सजा दिलाने में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की रणनीतियों पर जोर देते हुए कहा, “न्याय से शांति सैनिकों की सुरक्षा में प्रत्यक्ष रूप से सुधार होता है, जिससे वे अपने खास मिशन को पूरा कर पाते हैं। इस जिम्मेदारी को पूरा करना हमारा साझा कर्तव्य है।”
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई मिशन ने एक बयान में कहा कि जवाबदेही, केवल व्यक्तियों के लिए न्याय का मामला नहीं है, बल्कि दुनिया भर में भविष्य में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों के प्रभाव और विश्वसनीयता का आधार है।
.इस कार्यक्रम में करीब 40 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों, संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया और शांति सैनिकों के विरुद्ध अपराध करने वालों को कानून के दायरे में लाने के लिए रणनीतियों और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श किया।
गौरतलब है कि शांति सैनिकों के विरुद्ध अपराधों की जवाबदेही के लिए ‘ग्रुप ऑफ फ्रेंडस’ की स्थापना दिसंबर 2022 में भारत की सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता के दौरान की गई थी। सन 1948 से, विभिन्न शांति अभियानों में संयुक्त राष्ट्र के एक हजार से अधिक कर्मी मारे गए हैं और सैकड़ों अन्य घायल हुए हैं।

Next Post

सिक्स लेन भी अब पड़ने लगी छोटी

Wed Jul 16 , 2025
भोपाल:राजधानी के कोलार इलाके में लगभग 222 करोड़ की लागत से बनी सिक्स लेन सड़क पर ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। यह सड़क अब दोनों ओर अवैध पार्किंग से अटी पड़ी है। हालत यह है कि शाम के समय पिक आवर्स में वाहनों की लंबी कतारें लग जाती […]

You May Like