सतना : दो गुट के बीच हुए झगड़े में एक युवक की जान चली गई. विवाद के दौरान आरोपी द्वारा चला गई गोली से बुरी तरह घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. इस मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपियों की धरपकड़ शुरु कर दी गई है.प्राप्त जानकारी के अनुसार एफसीआई गोदाम के पास स्थित चाय की दुकान पर बैठकर सूर्य प्रताप सिंह नामक युवक चाय पी रहा था. इसी दौरान वेद मिश्रा सहित 5 लोग वहां पहुंच गए.
वहां पहुंचते ही वेद के साथी आयुष द्विवेदी ने सूर्य प्रताप का मोबाइल छीन लिया. जिसके चलते दोनों के बीच मारपीट होने लगी. इसी दौरान वेद ने गोली चला दी. सूर्य प्रताप के झुक जाने के कारण गोली उसके ऊपर से निकल गई. घटना होती देख वहां पर मौजूद सत्यम शुक्ला पिता पुष्पेंद्र शुक्ला उम्र 17 वर्ष निवासी देवरा कोटर ने देव को गोली चलाने से मना किया. चूंकि वहां पर मौजूद दोनों गुटों से सत्यम परिचित था.
लिहाजा उसने दोनों को रोकने की कोशिश की. लेकिन वेद ने सत्यम पर सूर्य प्रताप की तरफदारी का आरोप लगाते हुए उसे गालियां देने लगा. इस मामले में सचिन पाल भी वेद के साथ आ गया. देखते ही देखते वेद और सचिन ने कट्टा निकालकर गोली चला दी. बताया गया कि सचिन द्वारा चलाई गई गोली सत्यम को लग गई. जिसके चलते वह गंभीर तौर पर घायल हो गया. गंभीर तौर पर घायल सत्यम को उपचार के लिए बिरला हास्पिटल में भर्ती कराया गया.
जहां पर उसकी हालत को देखते हुए मेडिकल कालेज रीवा के लिए रेफर कर दिया. लेकिन रास्ते में ही सत्यम ने दम तोड़ दिया. घटना को देखते हुए पुलिस ने 5 नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरु कर दी. जिसके चलते 3 आरोपियों को दबोचते हुए पूछताछ शुरु कर दी गई. लेकिन पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी अधिकृत जानकारी शुक्रवार को ही सामने आ सकेगी.
