
भोपाल। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस और देव प्रबोधिनी एकादशी के अवसर पर भोपाल सहकारी दुग्ध संघ ने सामाजिक पहल के रूप में सांची मायरा योजना की शुरुआत की। सीहोर जिले से शुभारंभ करते हुए संघ के सीईओ प्रीतेश जोशी ने दुग्ध उत्पादक किसान ओमप्रकाश मेवाड़ा की बेटियों सोनाली और मधु मेवाड़ा के विवाह में पहुंचकर सांची मायरा भेंट किया। इसमें 11-11 हजार रुपए नगद, साड़ी-कपड़े, फल, श्रीफल और मिठाईयां शामिल थीं। जोशी ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों से हमारा रिश्ता केवल व्यावसायिक नहीं, बल्कि पारिवारिक है। सांची मायरा योजना इसी भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। इस पहल की दुग्ध उत्पादकों ने सराहना करते हुए कहा कि यह सांची परिवार और किसानों के बीच एक अटूट संबंध का प्रतीक बनेगी। समारोह में संघ के अधिकारी, नोडल अधिकारी और समिति सदस्य उपस्थित रहे।
