
मंदसौर। नशा मुक्ति अभियान के तहत मंदसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना नाहरगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 260 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा एवं परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर डिगांव-बसई रोड स्थित बोलिया फंटे पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान राजस्थान नंबर की एक पिकअप को रोककर तलाशी लेने पर उसमें रखे 13 प्लास्टिक कट्टों से 260 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी कुशाल सिंह (42) निवासी गुराड़ी का खेड़ा, थाना भवानीमंडी, जिला झालावाड़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 5.20 लाख रुपये तथा पिकअप वाहन की कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना नाहरगढ़ पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
