
भोपाल। पुलिस की सायबर सेल ने आज एडवाइजरी जारी कर कहा कि इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक, टेलीग्राम और व्हाट्सएप पर तेजी से ठगी के नए तरीके सामने आ रहे हैं। अज्ञात ठगों द्वारा आम लोगों को जल्दी पैसे कमाने का लालच देकर ठगी की जा रही है।
इन ठगों का तरीका यह है कि पहले फेसबुक या इंस्टाग्राम पेज को लाइक, फॉलो या यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करने जैसे टास्क दिए जाते हैं। फिर उपयोगकर्ताओं को 50 से 100 रूपये उनके खाते में ट्रांसफर कर विश्वास में लिया जाता है। इसके बाद महंगे टास्क देकर बड़े निवेश का झांसा दिया जाता है, जिनका बैलेंस फर्जी वेबसाइटों पर दिखाया जाता है। जब यूजर अधिक पैसे कमाने के लालच में आता है, तब उसके बैंक खाते से बड़ी रकम हड़प ली जाती है।
भोपाल साइबर पुलिस ने इस तरह की धोखाधड़ी से बचने के लिए कुछ महत्वपूर्ण सावधानियां साझा की हैं – जैसे किसी अनजान व्यक्ति से बैंक या क्रेडिट कार्ड जानकारी साझा न करना, UPI लेनदेन के लिए OTP या PIN न डालना, भरोसेमंद वेबसाइटों से ही शॉपिंग करना, और किसी भी संदिग्ध ऐप या लिंक से दूर रहना। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी लालच में न आएं और कोई भी वित्तीय जानकारी साझा करने से पहले संबंधित संस्थान से संपर्क करें।
