
सिंगरौली । पिछले तीन दिनों मौसम में बदलाव आया है। जिला मुख्यालय बैढ़न व चितरंगी के आसपास गांवों में करीब 40 मिनट से अधिक समय तक झमाझम बारिश ने गर्मी से राहत दिया था। वहीं आज मंगलवार को चितरंगी एवं सरई क्षेत्र में बारिश ने मौसम को खुशनुमा कर दिया है।
दरअसल पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है और मौसम के करवट बदलते ही रविवार को बैढ़न व चितरंगी क्षेत्र के इलाके में बारिश हुई थी। इसके बाद से ही गर्मी से भारी राहत मिली थी। आज दिन मंगलवार की दोपहर से ही आसमान में काले बादल मड़रा रहे थे। दोपहर के समय सरई इलाके में रिमझिम बारिश काफी देर तक होती रही। वहीं चितरंगी के सोनतीर इलाके व कस्बे में करीब 1 घंटा से अधिक समय तक बारिश का दौर चलता रहा। गनिमत यही रही कि आज आंधी-तूफान का असर नही था, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। मौसम में आये अचानक बदलाव से यही माना जा रहा है कि प्री-मानसून ने दस्तक दे दिया है। आज पूरे दिन जिस तरह से आसमान में बादल पूरे दिन छाये रहे और सूर्य देवता के दर्शन नही हुये। ऐसे में यही माना जा रहा है कि ऊर्जाधानी में मानसून जल्द ही आने की संभावना है। किसान खरीफ फसल के लिए खेतो को जहां तैयार करने लगे हैं, वहीं गांवों में ग्रामीण जन कच्चे व खपड़ैल मकानों को ठीकठाक करने में लग गये हैं। किसान खर पतवारों को खेतों में जलाने का काम भी शुरू कर दिया है। इतना ही नही आसमान में बादलों को देख खेतों में गाय-भैंसो के गोबर खादो को भी डालना शुरू कर दिया है। इधर आज मौसम में अचानक आये बदलाव से बरगवां थाना क्षेत्र के उज्जैनी गांव में आकाशीय बिजली के चपेट में आने से एक बालक की दर्दनाक मौत हो गई। फिलहाल मौसम के बदलाव से तापमान में भारी गिरावट आई है। आज मंगलवार का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार तक बारिश होने का अंदेशा जताया है।
पारा लुढ़का, नही तपा नवतपा
नवतपा आखिरी चल रही है। कल 3 जून को नवतपा समाप्त हो जाएगा। रविवार से ही नवतपा नही तप रहा है और आज भी नही तपा है। आलम यह है कि ऊर्जाधानी में दोपहर के बाद आसमान में काले बादल मड़रा रहे थे। बैढ़न समेत करीब-करीब सभी क्षेत्रों में मौसम बदला-बदला नजर आया और पारा भी काफी लुढ़क गया। अधिकतम तापमान 36 एवं न्यूनतम 27 डिग्री पहुंचा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि बैढ़न समेत आसपास के इलाको में बारिश हो सकती है। वहीं आज गर्मी से भारी राहत मिली है।
आम के पेड़ गिरने पर युवक की मौत
सरई थाना क्षेत्र के सिमरिया निवासी एक युवक आम तोड़ने के लिए चढ़ा था कि डाली के टूटने से युवक नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सिमरिया निवासी रणजीत साहू पिता रामकरण साहू उम्र 38 वर्ष आज दोपहर सर्राटोला गांव स्थित आम के पेड़ पर आम फल तोड़ने चढ़ा था कि अचानक पेड़ की डाल टूटी और अचानक नीचे आ गये। जहां इस हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके से पहुंच शव को अपने कब्जे में लेते हुये जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
