
भोपाल, 19 अगस्त. राजधानी में यासीन अहमद उर्फ “मछली के तार से जुड़े एक और आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है. क्राइम ब्रांच भोपाल ने एक पिस्टल और कारतूस के साथ आरोपी लारिब खान को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने देशी पिस्टल और कारतूस जप्त कर आगे की कार्यवाही कर रही है. क्राइम ब्रांच ने एक महिने में अब तक 5 पिस्टल व 5 जिंदा कारतूस बरामद किये है. .आरोपी लारिब से जब जप्तशूदा पिस्टल व कारतूस के बारे में पूछताछ की गई, तो उसने इसे यासीन अहमद से लेना बताया. लारिब ने अबतक की पूछताछ में यासीन अहमद द्वारा शहर में अन्य लोगो को अवैध हथियार बेचने के बारे में पुलिस को जानकारी दी है. माना जा रहा है कि लारिब अभी आरोपी यासीन अहमद के कामों को लेकर कई बडे खुलासे कर सकता है. लारिब ने स्वीकार किया है कि वह यासीन अहमद से एमडी ड्रग्स भी खरीदता था. लारिब के यासीन और अंशुल भूरी के साथ ड्रग्स के मामले में आपस में किए गए लेन-देन की जानकारी भी पुलिस के सामने आ गई है. बता दें कि आरोपी यासीन अहमद के विरूद्ध भोपाल शहर के थानो में ड्रग्स,आर्म्स,महिला संबंधी एवं अन्य धाराओं में एक दर्जन से भी अधिक अपराध पंजीबद्ध है.
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक शख्स जो पुरानी जेल के पीछे रोड़ पर खड़ा है. उसके पास एक पिस्टल है जो कोई वारदात करने की फिराक में खड़ा हुआ है. सूचना की तस्दीक के लिए क्राइम ब्रांच पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा. पुलिस की पूछताछ में उसने अपना नाम लारिब खान पिता शाहिद खान उम्र 25 साल निवासी जहाँगीराबाद बताया. पुलिस ने इस मौके पर उसकी तलाशी ली तो उसके पेंट की जेब में एक लोहे की देशी पिस्टल बरामद हुई. इसके साथ ही आरोपी के पास से 01 जिंदा कारतूस भी मिला. इस संबंध में लारिब खान से वैध लाईसेंस के बारे मे पूछने पर लायसेंस नहीं होना बताया.
