इंदौर:फिनिक्स मॉल के पीछे निर्माणाधीन बायपास पुलिया क्षेत्र में कनाडिया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से स्मैक बरामद हुई है, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.आरोपी अमान अली निवासी इमलीपुरा थाना मोघट रोड जिला खंडवा को शाम कार्रवाई के दौरान पकड़ा, तलाशी में उसके पास से 13.87 ग्राम स्मैक मिली, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपए आंकी गई है.
थाना प्रभारी सहर्ष यादव का कहना है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन शामिल हैं.
