बेलगाम हाइवा ने कोचिंग से लौट रहे दो भाइयों को कुचला, एक की हालत नाजुक

जबलपुर: गोसलपुर थाना अंतर्गत घुघरी तिराहा शांतिनगर जुझारी के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा के चालक ने सायकल से कोचिंग पढक़र घर लौट रहे दो सगे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सायकल समेत सडक़ किनारे दूर जा गिरे। हादसे में बड़े भाई के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी चालक हाइवा लेकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कछपुरा निवासी अजेस मिश्रा (42), पेशे से टेंट व्यवसायी हैं, उनका बड़ा बेटा कृष्णा मिश्रा (16) और छोटा बेटा देव मिश्रा (14) गोसलपुर से कोचिंग पढक़र सायकल से वापस अपने घर लौट रहे थे। घटना के वक्त पीडि़त पिता अजेस मिश्रा अपने साथी कमल यादव के साथ कछपुरा पंचायत के पास ही टेंट का काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि घुघरी तिराहा के पास सामने से आ रहे हाइवा क्रमांक एमपी 20 जेड एफ 6701 के चालक ने लापरवाही और अंधाधुंध रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए उनके बेटों की सायकल को सामने से टक्कर मार दी।

चीख-पुकार सुनकर पिता और ग्रामीण तुरंत दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी चालक हाइवा लेकर गोसलपुर की ओर भाग निकला। इस सडक़ हादसे में 16 वर्षीय कृष्णा मिश्रा के सिर, दाएं हाथ और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए घबराए पिता ने तुरंत एक निजी वाहन का इंतजाम किया और उसे जबलपुर के निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराय। वहीं, देव मिश्रा के दोनों घुटनों, कमर, हाथ और कंधे में चोटें आई हैं। पुलिस ने फरार हाइवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Next Post

सुरक्षा में लापरवाही उजागर: फैक्ट्री मालिक पर दर्ज हुई एफआईआर

Sun Aug 2 , 2026
जबलपुर: पनागर थाना अंतर्गत बिजना स्थित राधाकृष्ण फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाई गई थी। फैक्टरी प्रबंधन की लापरवाही के चलते एक मजदूर को अपनी चार उंगलियां गंवानी पड़ीं थी। बिजली गुल होते ही कटर मशीन में मजदूर की 4 उंगलियां कट गई थी। मामले की जांच पड़ताल में […]

You May Like