
सिंगरौली। ग्राम पंचायत खम्हरिया में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अधोसंरचना योजना के तहत 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन एवं शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह रहे, जिन्होंने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। यह सड़क महदेवा स्कूल से अजमेर सिंह के घर की ओर बनाई जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से विद्यार्थियों, किसानों और आम नागरिकों को बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे दैनिक गतिविधियां सुगम बनेंगी। भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि गांवों को मजबूत आधारभूत संरचना से जोड़कर समग्र और सतत विकास के लक्ष्य को साकार किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में जनहित से जुड़े विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत खम्हरिया के सरपंच रामदीन शाह, ओमप्रकाश वैश्य सहित पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
