
देवसर । जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत खड़ौरा में हाल ही में कराए गए पीसीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क का निर्माण उनके घरों के स्तर से लगभग दो से ढाई फीट ऊंचा कर दिया गया है, जिसके कारण बारिश का पानी सीधे घरों में प्रवेश कर रहा है। नाली का निर्माण नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो गई है तथा लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय रहवासियों के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। यदि सड़क के दोनों ओर नाली का निर्माण कराया जाता तो वर्षा का पानी आसानी से बह जाता और लोगों के घरों में जलभराव की समस्या उत्पन्न नहीं होती। लेकिन नाली के अभाव में सड़क पर जमा होने वाला पानी घरों और आंगनों में घुस रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही उनके घरों के सामने पानी भर जाता है। कई परिवारों को घरों के भीतर पानी आने के कारण घरेलू सामान सुरक्षित स्थानों पर रखना पड़ रहा है। लगातार जलभराव से मकानों की नींव और दीवारों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण के समय उन्होंने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया था, लेकिन उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया गया।
निर्माण कार्य के गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने उठाये सवाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया। सड़क तो बना दी गई, लेकिन जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण यह सुविधा अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्य तभी सार्थक होते हैं, जब उनसे लोगों को राहत मिले, न कि नई समस्याएं खड़ी हों। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने जनपद पंचायत और संबंधित विभाग के अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क के किनारे नाली निर्माण कराया जाए तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आगामी बारिश के दौरान लोगों को और अधिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखेंगे।
