
उज्जैन। चाय नाश्ते की होटल चलाने वाले ने सोमवार को जहर खा लिया। परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे जहां कुछ घंटे चले उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। जहर खाकर आत्महत्या का कारण सामने नहीं आया है पुलिस मामले की जांच कर रही है।
माकड़ोन के नयापुरा में रहने वाला अर्जुन पिता मायाराम नायक 33 साल गांव के ही चौराहे पर चाय नाश्ते की होटल संचालित करता था। शाम को उसने अपने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ती देख मां गीताबाई और पत्नी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से उज्जैन रेफर किया गया। परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां कुछ घंटे बाद अर्जुन की मौत हो गई। मंगलवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया इस दौरान सामने आया कि अर्जुन दो बच्चों का पिता था लेकिन उसने जहर क्यों खाया इसका कारण स्पष्ट नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि आर्थिक परेशानी के चलते उसने आत्महत्या की है पुलिस जांच और परिजनों के बयान के बाद ही सामने आएगा कि अर्जुन की मौत के पीछे वजह क्या थी।
