मुंबई, 02 अगस्त (वार्ता) भोजपुरी सिनेमा के दर्शकों के लिए एक नई फिल्म ‘मंगलसूत्र’ का ऐलान किया गया है। निर्माता रत्नाकर कुमार इस फिल्म का निर्माण वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स लिमिटेड के बैनर तले करेंगे, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी बॉबी सिंह संभालेंगे। फिल्म का संगीत भी वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के म्यूजिक लेबल से जारी किया जाएगा।फिल्म की आधिकारिक घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर दर्शकों में उत्साह देखा जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ‘मंगलसूत्र’ भारतीय पारिवारिक मूल्यों, रिश्तों और भावनाओं पर आधारित कहानी पेश करेगी। हालांकि, फिल्म की स्टारकास्ट और रिलीज की तारीख का खुलासा अभी नहीं किया गया है।
निर्माता रत्नाकर कुमार ने कहा, “‘मंगलसूत्र’ हमारे लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय पारिवारिक मूल्यों और भावनाओं को बड़े पर्दे पर जीवंत करने का प्रयास है। हमें पूरा विश्वास है कि यह फिल्म दर्शकों के दिलों को जरूर छुएगी। जल्द ही हम इससे जुड़ी अन्य जानकारियां भी साझा करेंगे।”
फिल्म की घोषणा के साथ ही भोजपुरी सिनेमा प्रेमियों के बीच इसके अगले अपडेट को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में फिल्म की स्टारकास्ट और अन्य विवरणों की भी घोषणा की जाएगी।
