मुंबई, 01 जून (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया सोमवार को 34 पैसे टूट गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.19 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा पिछले दो कारोबारी दिवस पर मजबूती के साथ बंद हुई थी। पिछले सप्ताहांत यह 73 पैसे चढ़कर 94.85 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
रुपये की शुरुआत आज आठ पैसे की गिरावट में 94.93 रुपये प्रति डॉलर पर हुई। हालांकि कुछ ही देर में यह 94.73 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ लेकिन बाद में फिर टूट गया। कारोबार की समाप्ति तक यह 95.19 रुपये तक उतरकर अंत में उसी स्तर पर बंद हुआ।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के सूचकांक में डॉलर सूचकांक के 0.5 प्रतिशत तक मजबूत होने से भारतीय मुद्रा पर दबाव रहा। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में ढाई प्रतिशत की तेजी ने भी रुपये की गिरावट में योगदान दिया।
