
रीवा। मऊगंज जिले के वार्ड 3 में स्थित एक सूने आवास में चोरों ने धावा बोलते हुए हजारों की नगदी सहित लाखों जेवरात पार कर दिए हैं. घटना की रात पीडि़त परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था, तभी अज्ञात चोरों ने ताला तोडक़र चोरी की इस वारदात को अंजाम दे डाला. घटना की जानकारी पीडि़त को उसके मकान मालिक द्वारा दी गई, इसके बाद पीडि़त जब अपने किराए के मकान में पहुंचा तो उसके होश उड़ गए.
पीडि़त की माने तो चोरों ने घर की अलमारी में रखी 45 हजार रुपयों की नगदी समेत करीब 4 से 5 लाख अधिक कीमती जेवरात भी पार कर दिए हैं. फिलहाल पीडि़त ने मऊगंज थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए चोरों की पता तलाश शुरू कर दी है.दरअसल चोरी की यह घटना मऊगंज के वार्ड क्रमांक 3 में स्थित हॉस्पिटल कॉलोनी में किराए से रहने वाले प्रणव कुमार सिंह के घर में हुई है. पुलिस को जानकारी देते हुए पीडि़त ने बताया है कि 1 अप्रैल की रात वह अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में बहेरा डाबर गया हुआ था. दूसरे दिन मकान मालिक अब्दुल कासीद सिद्दीकी ने उसे फोन पर घर का ताला टूटा होने की जानकारी दी, इसके बाद पीडि़त अपने घर पहुंचा तो उसके कमरे में रखी अलमारी का सामान बिखरा हुआ था और उसमें रखे सोने चांदी के जेवरात सहित नगदी रुपए गायब थे. पीडि़त की माने तो चोरों ने घर से 45 हजार रूपयो की नगदी समेत सोने का एक मंगलसूत्र, सोने की दो चैन, दो अंगूठी, कान का झुमका और 6 नग चांदी की पायल पर कर दी है. फिलहाल पीडि़त की शिकायत के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है.
