खंडवा: निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा शनिवार को खंडवा प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने शहर के सराफा क्षेत्र स्थित गणेश मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए तथा प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर दर्शन के बाद श्री शर्मा भाजपा नेता दीपक राठौर की चाय-नाश्ता दुकान पहुंचे, जहां उन्होंने खंडवा के प्रसिद्ध पोहा, समोसा और चाय का स्वाद लिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। अनौपचारिक माहौल में आयोजित इस मिलन कार्यक्रम में श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आत्मीय चर्चा की और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर नाश्ता किया तथा स्नेहपूर्वक अपने हाथों से उन्हें पोहा और समोसा परोसा।
कार्यकर्ताओं ने भी उनके इस सहज और आत्मीय व्यवहार की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने तथा आगामी गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई। पूरे आयोजन में उत्साह और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
