इटारसी स्टेशन: हाईकोर्ट के आदेश पर दो कैटरिंग स्टॉल सील

इटारसी: रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 6 और 7 पर संचालित दो कैटरिंग स्टॉलों को 29-30 मई की मध्यरात्रि में रेलवे प्रशासन ने बंद करा दिया। यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में की गई, जिसके बाद स्टेशन की कैटरिंग व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला है।जानकारी के अनुसार, जिन स्थानों पर वर्तमान में मेसर्स गोयल एंड गोयल तथा मेसर्स शिव एंड संस के स्टॉल संचालित हो रहे थे, वहां पहले कंचन कैटर्स के स्टॉल थे। करीब तीन वर्ष पूर्व रेलवे ने कंचन कैटर्स के स्टॉल हटाकर इन स्थानों का संचालन ठेके पर अन्य संचालकों को सौंपा था। उस समय रेलवे ने स्पष्ट शर्त रखी थी कि यदि कंचन कैटर्स न्यायालय में मामला जीतता है तो संबंधित स्टॉल हटाए जाएंगे।
कंचन कैटर्स ने इस कार्रवाई को न्यायालय में चुनौती दी थी। मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने कंचन कैटर्स के पक्ष में फैसला सुनाया। इसके बाद पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल ने संबंधित संचालकों को स्टॉल खाली करने के निर्देश जारी किए।रेलवे के आदेश के तहत प्लेटफॉर्म 6 स्थित स्टॉल क्रमांक सीएस-15 और सीएस-16 को निर्धारित समय सीमा में खाली कर रेलवे को सौंपने तथा परिसर को मूल स्थिति में बहाल करने के निर्देश दिए गए थे। स्टेशन मास्टर विजय कुमार चौधरी ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद दोनों स्टॉलों को हटाने की कार्रवाई की गई है। अब रेलवे और व्यापारिक हलकों में कंचन कैटर्स की संभावित वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Next Post

बिजली दफ्तर में आगबबूला हुए विधायक पन्नालाल शाक्य, अपनी ही सरकार के ऊर्जा मंत्री को बताया नाकारा

Sat May 30 , 2026
गुना: अपने तल्ख बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने अपनी ही सरकार में ऊर्जा मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर को आड़े हाथों लिया है। दरअसल, गुना में बीते कुछ दिनों से खासकर रात के समय लगातार बिजली कटौती हो रही है। लोग परेशान हैं […]

You May Like