ग्वालियर: शहर के गुडा बौद्ध नगर स्थित बाबूजी की बगिया क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि यहां प्रतिदिन बिजली का एक फेज बंद हो जाता है, जिसके कारण आधे इलाके के घरों में पूरी रात बिजली गुल रहती है। भीषण गर्मी के बीच लोग रातभर परेशान रहने को मजबूर हैं।रहवासियों के अनुसार समस्या पिछले कई दिनों से लगातार बनी हुई है।
बिजली विभाग में कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों का कहना है कि अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहे और हर बार केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है।क्षेत्रवासियों ने बताया कि एक फेज बंद होने से पंखे, कूलर और अन्य जरूरी उपकरण नहीं चल पाते, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
रातभर अंधेरे और उमस के कारण लोगों की नींद तक पूरी नहीं हो पा रही है।स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर और लाइन की जांच कर समस्या का स्थायी निराकरण किया जाए। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
