गुना-ग्वालियर रेलवे अंडरपास बना एक्सीडेंट जोन, भ्रम पैदा कर रही सर्विस रोड; रेलवे ट्रैक की ओर जा रहे वाहन

गुना: अशोकनगर रोड पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास स्थित गुना-ग्वालियर रेलवे अंडरपास वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे यहाँ एक बार फिर बड़ा हादसा होते-होते बचा, जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई और चालक घायल हो गया। इस हादसे ने एक बार फिर प्रशासन की लापरवाही और अंडरपास के दोषपूर्ण मार्ग को लेकर स्थानीय लोगों के आक्रोश को हवा दे दी है।

क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि अशोकनगर की ओर से आने वाले वाहन चालक अक्सर यहाँ भ्रम की स्थिति में फंस जाते हैं। दरअसल, मुख्य मार्ग से गुना आने के लिए थोड़ा घुमाव लेकर रेलवे अंडरपास के भीतर से गुजरना पड़ता है, लेकिन ठीक उसी स्थान पर एक सर्विस रोड भी बनी हुई है जो सीधे रेलवे ट्रैक की ओर जाती है। रात के अंधेरे में जब विजिबिलिटी कम होती है, तो चालकों को अंडरपास का मोड़ दिखाई नहीं देता और वे सीधे रेलवे ट्रैक वाली सर्विस रोड पर गाड़ी बढ़ा देते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सर्विस रोड की कोई विशेष उपयोगिता नहीं है, फिर भी इसे खुला छोड़ दिया गया है, जो सीधे हादसों को निमंत्रण दे रहा है।

हादसे के बाद मौके पर जमा हुए लोगों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यहाँ मोड़ के स्पष्ट संकेत न होने से आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। निवासियों की मांग है कि अंडरपास से पहले स्पष्ट संकेतक और रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जाने चाहिए ताकि रात के समय दूरी से ही सही मार्ग का पता चल सके। साथ ही, अनुपयोगी सर्विस रोड को बंद करने या वहां बैरिकेडिंग करने की भी आवश्यकता है ताकि कोई भी वाहन चालक गलती से रेलवे ट्रैक की ओर न जाए और हादसे की आशंका खत्म की जा सके।

Next Post

बेटी का कातिल पिता रात भर हवालात में रोता रहा, कहा- कोई अफसोस नहीं

Thu Jan 15 , 2026
भिंड:यहां के खिरिया थापक गांव में बीती रात गोली मारकर अपनी नवविवाहित बेटी की हत्या करने वाले पिता को अपने किए पर अफसोस नहीं है। मुन्नेश धानुक ने सामाजिक बदनामी के डर के चलते अपनी बेटी निधि को मार डाला।पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान उसने कहा कि बेटी ससुराल […]

You May Like