भिंड:यहां के खिरिया थापक गांव में बीती रात गोली मारकर अपनी नवविवाहित बेटी की हत्या करने वाले पिता को अपने किए पर अफसोस नहीं है। मुन्नेश धानुक ने सामाजिक बदनामी के डर के चलते अपनी बेटी निधि को मार डाला।पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान उसने कहा कि बेटी ससुराल जाने को तैयार नहीं थी। समाज में इज्जत खराब हो रही थी, इसलिए उसे मार दिया। मुझे अपनी करनी पर कोई अफसोस नहीं है, क्योंकि बेटी के ऐसे कृत्य के बाद मैं वैसे भी जी नहीं पा रहा था।
बेटी की हत्या का आरोपी मुन्नेश आज सुबह से हवालात में गुमसुम बैठा है। उसने रातभर खाना नहीं खाया। सिर्फ एक-दो बार पानी पीया। वह बार-बार अपने आंसू पोंछता रहा। पूछताछ में उसने कहा- मैंने बेटी को बहुत प्यार किया था, लेकिन वह मेरी ही कोई बात सुनने के लिए तैयार नहीं थी। मैंने उसे बार-बार मनाया कि अपना घर बसाओ, बेकार की बात मत करो, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थी।
घटनाक्रम के मुताबिक, खिरिया थापक निवासी निधि (21) की शादी ग्वालियर के गुड़ागुडी का नाका निवासी देवू धानुक से हुई थी। वह पति के साथ महाराज बाड़ा पर शॉपिंग करने गई थी। वहां छोले-भटूरे खाने के बाद जब पति पानी लेने गया, तो वह गायब हो गई। पति ने ग्वालियर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में पिता उसे बहला-फुसलाकर गांव लाया और रात में सरसों के खेत में ले जाकर कट्टे से गोली मारकर हत्या कर दी।
