त्योहारों पर ड्रोन से होगी चौबीसों घंटे निगरानी

इंदौर: होली, धुलेंडी, रंगपंचमी और रमजान के मद्देनजर शहर में व्यापक सुरक्षा खाका तैयार किया गया है. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी तथा नशाखोरी, अवैध आयोजनों और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए बहुस्तरीय रणनीति लागू की जा रही है.

रविवार को पुलिस मुख्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में सभी जोन के अधिकारियों, एसीपी और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी. संवेदनशील क्षेत्रों की मैपिंग कर फिक्स पिकेट, लगातार पेट्रोलिंग और विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है. होलिका दहन केवल परंपरागत और गैर-विवादित स्थलों पर ही किया जाएगा. आयोजकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि यातायात बाधित न हो और अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रहें.

होली, धुलेंडी कार्यक्रम आयोजन की लेनी होगी अनुमति
कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस की सघन मौजूदगी रहेगी. होली और धुलेंडी पर होटल, गार्डन और रिसोर्ट में होने वाले आयोजनों के लिए विधिवत अनुमति अनिवार्य की गई है. आयोजकों को सीसीटीवी कैमरे, पार्किंग व्यवस्था, स्वयंसेवक तैनाती और प्रतिभागियों की पहचान जांच सुनिश्चित करनी होगी. डीजे संचालन निर्धारित समय और ध्वनि सीमा के अनुरूप ही होगा, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान शहर के चारों जोन में ड्रोन कंट्रोल यूनिट सक्रिय रहेगी. जिससे प्रमुख चौराहों, जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन कैमरों से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी. सभी बड़े आयोजनों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी. नशा कर उत्पात मचाने वालों, छेड़छाड़, मारपीट या चाकूबाजी जैसी घटनाओं पर तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. वहीं सूचीबद्ध गुंडों, निगरानी बदमाशों और पूर्व में आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट व एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार आरोपियों की चेकिंग कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस द्वारा सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी.

सोशल मीडिया पर रखी जाएगी पैनी नजर
शांति समिति की बैठकों के जरिए समाज के गणमान्य नागरिकों और आयोजकों से समन्वय बनाए रखा जाएगा. सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और अफवाहों पर निगरानी रखी जाएगी. चल समारोहों और जुलूसों के दौरान यातायात डायवर्जन और पार्किंग प्लान लागू रहेंगे. बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल, लॉज और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सतत चेकिंग के निर्देश हैं. आवश्यक सेवाओं के लिए नगर निगम, बिजली और स्वास्थ्य विभाग से समन्वय भी किया है. आखिर में पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहार उल्लास के साथ मनाए जाएं, लेकिन कानून तोड़ने वालों के खिलाफ जहां कठोर कार्रवाई की जाएंगी वहीं कोई समझौता नहीं होगा.

Next Post

एयरटेल का स्पैम मैसेज रोकने के लिए गूगल से करार

Mon Mar 2 , 2026
नयी दिल्ली, (वार्ता) निजी दूरसंचार कंपनी एयरटेल ने गूगल के आरसीएस प्लेटफार्म और स्पैम फिल्टर सुविधाओं के लिए उसके साथ एक करार किया है। कंपनी ने रविवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि एयरटेल के नेटवर्क इंटेलिजेंस और गूगल के रिच कम्युनिकेशन सर्विसेज (आरसीएस) प्लेटफॉर्म तथा स्पैम फिल्टरिंग के […]

You May Like

मनोरंजन