भिंड में किसान की गोली मारकर हत्या

भिंड: भिंड के सौरा में खेत पर बने ट्यूबवैल पर किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई से आरोपियों की पुरानी रंजिश बताई जा रही है। आरोपियों ने मृतक के 11 वर्षीय बेटे पर भी जानलेवा हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मालनपुर निवासी दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। 45 वर्षीय राजकुमार उर्फ छुन्ना गुर्जर अपने परिवार के साथ गांव के बाहर खेत पर बने मकान में रहता था।

घटना के वक्त वह अपने 11 वर्षीय बेटे शिवम के साथ खेत पर ही था। रात के समय मालनपुर निवासी रूप​सिंह धोबी और लक्ष्मण सिंह धोबी वहां पहुंचे और घर पर हमला बोल दिया। दोनों ने राजकुमार को गालियां दीं। जब उसने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे बारी-बारी से दो गोलियां मार दीं।घटना के दौरान राजकुमार का 11 साल का बेटा शिवम भी वहीं मौजूद था। जब बेटे ने अपने पिता को बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके सिर में डंडा मारकर जानलेवा हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शव को रात में ही मौ कस्बे के पीएम हाउस में रखवाया गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक राजकुमार का भाई रामवीर सिंह गुर्जर एक मामले में सेंट्रल जेल में बंद था। जेल में ही उसकी दोस्ती आरोपी रूप सिंह धोबी से हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय तक दोस्ताना रहा, लेकिन बाद में किसी बात पर विवाद हो गया। बताया जाता है कि रात के समय आरोपी रूप सिंह और लक्ष्मण सिंह, रामवीर सिंह की तलाश में ही सौरा गांव पहुंचे थे। रामवीर के नहीं मिलने पर उनकी बहस उसके भाई छुन्ना से हुई और इसी रंजिश के चलते उन्होंने छुन्ना को गोली मार दी।

Next Post

मुरैना में भीषण सड़क हादसा: स्कूल बस और ट्रक की भिड़ंत, बस चालक की मौत, 6 बच्चे गंभीर घायल

Thu Jan 15 , 2026
मुरैना: जिले में गुरुवार की दोपहर एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। बागचीनी थाना क्षेत्र के सेठबारी इलाके में एक निजी स्कूल की बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो […]

You May Like

मनोरंजन