वर्ल्ड्स मास्टर्स पावर गेम्स-2026: चार स्वर्ण पदक जीतकर पुलिस आरक्षक ने बढ़ाया प्रदेश का मान

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के आरक्षक सौदान सिंह चौहान ने गोवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता “वर्ल्ड्स मास्टर्स पावर गेम्स-2026” में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है।

उज्जैन जिला पुलिस में पदस्थ आरक्षक सौदान सिंह चौहान ने 13 से 16 मई 2026 तक मडगांव, गोवा में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया। मास्टर्स गेम फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जहां चौहान ने अपनी शक्ति, अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

उनकी इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने सौदान सिंह चौहान को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस जवानों की ऐसी उपलब्धियां विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ाने के साथ युवाओं को खेल और फिटनेस के प्रति प्रेरित करती हैं।

अधिकारियों के अनुसार, चौहान की सफलता मध्यप्रदेश पुलिस में विकसित हो रही खेल संस्कृति का प्रतीक है। विभाग लगातार अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को शारीरिक दक्षता तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करता रहा है।

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर सौदान सिंह चौहान ने यह साबित किया कि मध्यप्रदेश पुलिस के जवान केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खेलों में भी अपनी विशेष पहचान स्थापित कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

Next Post

चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहले गेंदबाजी का किया फैसला

Thu May 21 , 2026
अहमदाबाद, 21 मई (वार्ता) चेन्नई सुपर किंग्स ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 66वें मुकाबले में टॉस जीतकर गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आज यहां चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतने के बाद कहा कि हम पहले गेंदबाजी […]

You May Like