नयी दिल्ली, 20 मई (वार्ता) तमिलनाडु में कांग्रेस 59 साल बाद राज्य मंत्रिमंडल में शामिल होने जा रही है और उसके दो विधायक गुरुवार को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेंगे।
कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर यह जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस विधायक एडवोकेट राजेश कुमार और थिरु पी. विश्वनाथन को तमिलनाडु मंत्रिमंडल में शामिल करने को मंजूरी दे दी है और दोनों नेता कल मंत्री पद की शपथ लेंगे।
उन्होंने इसे कांग्रेस के लिए ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि 59 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद पार्टी तमिलनाडु मंत्रिमंडल में शामिल होने जा रही है।
श्री वेणुगोपाल ने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया, “मुझे उम्मीद है कि वे दोनों तमिलनाडु की जनता की आशाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतरेंगे। दोनों मंत्री जनकल्याण और जनोन्मुखी शासन की उस व्यापक सोच को आगे बढ़ाने का काम करेंगे, जिसकी परिकल्पना लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने की है।”
तमिलनाडु (तत्कालीन मद्रास राज्य) में वर्ष 1967 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री एम. भक्तवत्सलम के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की हार के बाद पार्टी सत्ता से बाहर हो गयी थी और सी. एन. अन्नादुरै के नेतृत्व में द्रमुक सरकार बनी थी। इसके बाद कुछ सरकारों को कांग्रेस का समर्थन रहा, लेकिन वर्ष 1967 के बाद पहली बार पार्टी को राज्य मंत्रिमंडल में जगह मिल रही है।
