
सिंगरौली । सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने आज सोमवार को बरगवां स्थित निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों से विभिन्न कार्यों की जानकारी प्राप्त कर स्टेशन परिसर में विकसित की जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने कहा कि बरगवां रेलवे स्टेशन में जबलपुर मंडल का सबसे बड़ा फुटओवर ब्रिज बनकर तैयार हो गया है। साथ ही स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होकर जनता को समर्पित किया जाएगा। ताजा निरीक्षण के दौरान सांसद ने कार्य प्रगति पर संतोष व्यक्त किया, जिससे राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि बरगवां रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर पूर्व में स्वयं सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सवाल उठाए थे। उस समय उनके द्वारा व्यक्त की गई आपत्तियों के बाद रेलवे महकमे में काफी हलचल मचने की चर्चाएं रही थीं। निरीक्षण में भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर शाह, पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश द्विवेदी, नरेश शाह सहित रेलवे विभाग समेत अन्य मौजूद रहे।
