नयी दिल्ली, 04 अगस्त (वार्ता) चुनाव आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीटी) दिल्ली की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यक्रम को पुन: संशोधित करते हुए नयी सूची के प्रकाशन की अंतिम तिथि बढ़ा कर 27 अक्टूबर कर दी है।
आयोग ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि यह निर्णय दिल्ली के मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईओ) के अनुरोध पर किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दिल्ली में बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जा कर मतदाताओं के गणना-प्रपत्र भरवाने की 30 जून से चल रही प्रकिया अब 17 अगस्त तक चलेगी।
संशोधित सूची का मसौदा 24 अगस्त को प्रकाशित किया जाएगा। मसौदा सूची पर दावे और आपत्तियां 24 अगस्त से 23 सितंबर तक दर्ज करायी जा सकेंगी।
प्राप्त दावे और आपत्तियों पर नोटिस जानी करने और उनपर सुनवाई कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया 24 अगस्त को दावे और आपत्तियों प्राप्त करने का दौर शुरू होने के साथ ही शुरू कर दी जाएगी। नोटिस और निस्तारण का यह दौर 24 अगस्त से 22 अक्टूबर अक्टूबर तक चलेगा।
एसआईआर के बाद दिल्ली की अंतिम सूची 27 अक्टूबर को जारी की जाएगी। इसे एक अक्टूबर 2026 की सूची कहा जाएगा।
