यूरोबैंक मुंबई में खोलेगा कार्यालय, भारतीय कंपनियों के लिए यूरोप में आसान होगा निवेश

मुंबई, 20 मई (वार्ता) पांच यूरोपीय देशों में कारोबार करने वाला यूरोबैंक गुरुवार को मुंबई में अपना प्रतिनिधि कार्यालय खोलेगा।

यह भारत में किसी ग्रीस और साइप्रस के बैंक की पहली भौतिक उपस्थिति होगी। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडिस भी उद्घाटन समारोह में मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में यूनान , साइप्रस और भारत के वरिष्ठ राजनयिक प्रतिनिधि, कारोबारियों और सरकारी अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

यूरोबैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फोकियन करावियास ने बुधवार को यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि बैंक अपने भारतीय कार्यालय के उद्घाटन को लेकर “बहुत उत्साहित” है। इसे भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार, निवेश और वित्तीय संबंधों को मजबूत करने के व्यापक प्रयास का हिस्सा माना जा रहा है, विशेष रूप से उभरते भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे और हाल ही में तेज हुई भारत-ईयू आर्थिक भागीदारी के संदर्भ में।

यूरो बैंक यूनान , साइप्रस, लग्जमबर्ग, बुल्गारिया और ब्रिटेन में परिचालन करता है।

श्री करावियास ने कहा, “हम भारत में भौतिक उपस्थिति स्थापित करने वाले पहले ग्रीक और साइप्रस बैंक बन रहे हैं।” उन्होंने बताया कि मुंबई कार्यालय व्यापारिक संबंध बनाने, निवेश आकर्षित करने और यूरोप में विस्तार करने की इच्छुक भारतीय कंपनियों को समर्थन देने का केंद्र बनेगा।

बैंक अधिकारियों ने बताया कि यह पहल भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार वार्ताओं में प्रगति को आगे बढ़ायेगी और ग्रीस तथा साइप्रस को यूरोपीय बाजारों तक पहुंच चाहने वाले भारतीय व्यवसायों के लिए रणनीतिक प्रवेश द्वार खोलेगी।

यूरोबैंक ने भारत के यूपीआई प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हुए ग्रीस से भारत के लिए सीमा-पार प्रेषण सेवा भी शुरू की है।

Next Post

झारखंड के बोकारो में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 980 मेडिकल स्टोर बंद, करोड़ों का कारोबार प्रभावित

Wed May 20 , 2026
बोकारो, 20 मई (वार्ता) झारखंड में बोकारो जिला केमिस्ट एंड ड्रजिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर जिले की करीब 980 मेडिकल दुकानें बंद रहीं। यह बंदी ऑनलाइन दवाओं की बिक्री और भारी छूट के विरोध में आयोजित की गई। राज्य संगठन के निर्देश पर हुए इस आंदोलन का असर पूरे जिले […]

You May Like