भोपाल। साइबर अपराध के एक मामले में नरसिंहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी डिजिटल शादी के निमंत्रण के जरिए ठगी का शिकार हुए एक युवक के बैंक खाते से निकाली गई पूरी 4 लाख 39 हजार रुपए की राशि वापस दिला दी है।
पुलिस के अनुसार नरसिंहपुर जिले के खंचारी गांव निवासी युवक के मोबाइल फोन पर शादी के निमंत्रण के नाम से एक संदिग्ध एपीके (APK) फाइल भेजी गई थी। युवक ने इसे वास्तविक डिजिटल निमंत्रण समझकर खोल लिया, जिसके बाद साइबर अपराधियों ने उसके मोबाइल फोन पर नियंत्रण स्थापित कर लिया।
इसके बाद ठगों ने युवक के बैंक खाते से 16 अलग-अलग अनधिकृत लेनदेन के माध्यम से कुल 4 लाख 39 हजार रुपए निकाल लिए। धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देशन में साइबर सेल की विशेष टीम ने तत्काल जांच शुरू की। टीम ने संबंधित बैंकों और वित्तीय संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर संदिग्ध खातों की पहचान की तथा आवश्यक तकनीकी और वित्तीय प्रक्रिया अपनाकर राशि को होल्ड कराया।
पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप पूरी राशि सफलतापूर्वक वापस कर पीड़ित को सौंप दी गई। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित और उसके परिजनों ने मध्यप्रदेश पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात लिंक, एपीके फाइल, डिजिटल निमंत्रण या मोबाइल एप्लिकेशन को बिना सत्यापन के डाउनलोड या ओपन न करें। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है।
