
सीधी। अमरपुर पंचायत सचिव की निष्क्रिय कार्यप्रणाली से पंचायत के रुके विकास कार्य को लेकर सरपंच ने जिला पंचायत सीईओ से न्याय की गुहार लगाई है। सचिव से तंग सरपंच ने त्यागपत्र की पेशकश की है।
मामला जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम पंचायत अमरपुर का है। सचिव की निष्क्रिय कार्यप्रणाली से पंचायत के रुके विकास कार्य को लेकर सरपंच ने जिला पंचायत सीईओ से न्याय की गुहार लगाई है। जिला पंचायत सीईओ को 18 जून 2026 को दिए आवेदन में ग्राम पंचायत अमरपुर के सरपंच बीरेन्द्र त्रिपाठी ने कहा है कि हाल ही में सीधी जिले में ग्राम पंचायत सचिवों का थोक में स्थानांतरण हुआ है। उनके द्वारा अमरपुर के सचिव को स्थानांतरित करने के लिए पूर्व में आवेदन दिया गया था। जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीडि़त सरपंच ने कहा है कि सचिव के कार्य व्यवहार से वह पूरी तरह से त्रस्त हैं। सचिव की मनमानी से सरपंच के रूप में उनका कार्यकाल साढ़े तीन वर्ष बीतने के बाद भी सही तरीके से कार्य नहीं हो रहा है। जो भी निर्माण कार्य ग्राम पंचायत में हुए हैं वह आधे-अधूरे हैं। आम जन तक समग्र पेंशन के साथ सरकार की जन कल्याणकारी योजनाएं नहीं पहुंच पा रही हैं।
००
शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं हो रही प्रभावित
जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम पंचायत क्षेत्र अमरपुर में शासन की जन कल्याणकारी योजनाएं सचिव की मनमानी से पूरी तरह से प्रभावित हो रही हैं। बताया गया है कि शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हिताग्राहियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। जो भी योजनाएं आती हैं उनका लाभ मनमानी तरीके से देने की औपचारिकताएं होती हैं।
००
वर्षों से अतिरिक्त प्रभार में पदस्थ सचिव को हटाने की मांग
जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के ग्राम पंचायत क्षेत्र अमरपुर में सचिव को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस वजह से सचिव द्वारा ग्राम पंचायत के कार्यों को कोई प्राथमिकता नहीं दी जा रही है। सचिव द्वारा स्वेच्छाचारिता पूर्ण तरीके से कार्य किया जा रहा है। सचिव की तलाश में भी आम जनता को भटकने की मजबूरी बनी हुई है।
००
इनका कहना है
ग्राम पंचायत अमरपुर सरपंच द्वारा दिए गए आवेदन पत्र पर जांच कराकर जांच प्रतिवेदन के आधार पर नियमानुसार जल्द अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।
शैलेन्द्र सोलंकी, सीईओ जिला पंचायत सीधी
००००००००००००
