भिण्ड: जिले के लहार स्थित जेल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह वीडियो रौन थाना क्षेत्र के बहादुरपुरा गांव में हुए गोलीकांड में युवक की हत्या के आरोपी अभिषेक भदौरिया और मिलन भदौरिया का है। वायरल वीडियो में दोनों आरोपी कथित तौर पर जेल के अंदर मौजूद दिखाई दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इस हत्याकांड के दो आरोपी गुड़िया और रानी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
वीडियो में आरोपियों के सहयोगियों द्वारा मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए बातचीत करना और हाथों से गोली चलाने का इशारा करना स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। जेल के भीतर मोबाइल फोन का उपयोग और वीडियो का रिकॉर्ड होना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चूक को दर्शाता है। सूत्रों के अनुसार यह वीडियो जेल परिसर के भीतर से ही बनाया गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है।
