याउंडे 04 अगस्त (वार्ता) कैमरून के अशांत दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में एक सैन्य अभियान में कम से कम चार अलगाववादी लड़ाके मारे गए हैं।
सुरक्षा सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
एक क्षेत्रीय सैन्य अधिकारी ने बताया कि सैन्य बलों ने शनिवार देर रात एंग्लोफोन क्षेत्र के मौमू इलाके में लड़ाकों पर घात लगाकर हमला किया।
अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया, अपने सूत्रों से सूचना मिलने के बाद हमारे बहादुर सैनिकों ने नियमित गश्त पर निकले और नागरिकों को आतंकित करने वाले अलगाववादी आतंकवादियों पर घात लगाकर हमला किया। उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन हमारे पेशेवर बलों ने उन्हें मार गिराया”
अधिकारियों ने कहा, “चार अलगाववादी आतंकवादियों में से दो पिछले महीने बुएआ शहर में रात भर हुई गोलीबारी में दो नागरिकों की हत्या के लिए ज़िम्मेदार थे। हम क्षेत्रों और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जारी रखेंगे।”
कैमरून ने अक्टूबर में राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी को देखते हुए युद्धग्रस्त अंग्रेजी-भाषी उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किए हैं। सैन्य बल 2017 से इन क्षेत्रों में अलगाववादी लड़ाकों से संघर्ष कर रहे हैं। अलगाववादी एक स्वतंत्र राष्ट्र बनाना चाहते हैं।

