
भोपाल। पिपलानी इलाके में हथाईखेड़ा डैम में डूबने से एक 40 साल के मूकबाधिर युवक की मौत हो गई. इस क्षेत्र में एक 34 साल के एक शादीशुदा युवक ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. दोनों ही मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार हथाईखेड़ा डैम में रविवार को एक युवक का शव तैरता दिखाई दिया. पुलिस ने शव को बाहर निकालवाया और शिनाख्त की. युवक की पहचान अमित विश्वकर्मा के रुप में की गई. अमित के पिता रतन विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा मूकबाधिर था और उसकी शादी नहीं हुई थी. वह अचानक से लापता हो गया था और परिवार के लोग उसकी खोज कर रहे थे. पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
पिपलानी के आनंद नगर इलाके में एक सोनू यादव नाम के युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस को सोनू के पास से सुसाइड़ नोट भी बरामद नहीं हुआ. सोनू वाहन चालक का काम करता था और शराब पीने का आदी था. बताया जा रहा है कि रविवार को सोनू और उसकी पत्नी के बीच देर शाम को नोकझोक हुई थी. इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया और फंदे पर झूल गया. सोनू के परिवार में दो बच्चे हैं. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
