दिशा पटानी जल्द ही होलीगार्ड्स सागा: द पोर्टल ऑफ फोर्सेज से हॉलीवुड डेब्यू करने जा रही है। बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने के बाद अब दिशा ग्लोबल इंडस्ट्री में नया कदम रखने जा रही है।
बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी अब इंटरनेशनल स्क्रीन पर अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। अपनी खूबसूरती, फिटनेस और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस के लिए मशहूर दिशा लंबे समय से बॉलीवुड में अपनी खास पहचान बना चुकी हैं। अब उनके फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दिशा जल्द ही हॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। उनकी पहली हॉलीवुड फिल्म का नाम हॉलीगार्ड्स सागा: द पोर्टल ऑफ फोर्सेज है, जिसमें वह कई इंटरनेशनल सितारों के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म में दिशा पाटनी एक अहम और दमदार भूमिका में दिखाई देंगी। फिल्म में उनके साथ केविन स्पेसी, डॉल्फ लुंडग्रेन, टायरेस गिब्सन, ब्रायना हिल्डेब्रांड और एरिक रॉबर्ट्स जैसे बड़े कलाकार नजर आने वाले हैं। दिशा का यह प्रोजेक्ट उनके करियर का बड़ा मोड़ माना जा रहा है। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब वह किसी इंटरनेशनल प्रोजेक्ट का हिस्सा बनी हैं। इससे पहले वह जैकी चैन के साथ कुंग फू योगा में भी काम कर चुकी हैं।
मॉडलिंग से शुरू हुआ था सफर
13 जून 1992 को उत्तर प्रदेश के बरेली में जन्मीं दिशा पाटनी एक पढ़े-लिखे परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता पुलिस अधिकारी हैं, जबकि उनकी मां हेल्थ इंस्पेक्टर हैं। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान दिशा का रुझान मॉडलिंग और एक्टिंग की तरफ बढ़ा। साल 2013 में उन्होंने ‘पॉन्ड्स फेमिना मिस इंडिया इंदौर’ प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर-अप बनकर अपनी पहली बड़ी उपलब्धि हासिल की। इसके बाद उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों में काम किया और धीरे-धीरे ग्लैमर इंडस्ट्री में पहचान बनानी शुरू की।
तेलुगु फिल्म से रखा एक्टिंग की दुनिया में कदम
दिशा पाटनी ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत तेलुगु फिल्म लॉफर से की थी, जिसमें उनके साथ वरुण तेज नजर आए थे। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाई। इसके बाद दिशा ने ‘एमएस धोनी’ से बॉलीवुड में कदम रखा और यहीं से उन्हें असली पहचान मिली। फिल्म में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया। दिशा पाटनी बाद में बागी 2, भारत, मलंग, राधे, एक विलेन रिटर्न्स, योद्धा और कल्कि 2898 AD जैसी फिल्मों में नजर आईं।
