अशोकनगर:मुंगावली डिवीजन अंतर्गत विद्युत कंपनी द्वारा पथरिया, दंगालिया आदि गांवों में हजारों रूपयों की बिजली चोरी के नोटिस बांटे गये और आज लोक अदालत में जमा करने के लिए दबाव बनाया, जबकि कई ग्रामीण तो ऐसे हैं जो खेत पर टपरा बनाकर रह रहे हैं और अपने खेतों में किराये से पानी देकर खेती कर रहे हैं उनको भी हजारों का नोटिस विद्युत कंपनी ने थमा दिये हैं।
ग्राम दंगालिया में बाबूलाल बंजारा के नाम 25 केव्ही का ट्रांसफार्मर रखा है जिसका मार्च महीने करीब 13 हजार रूपये बिल जमा किया है। बाबूलाल बंजारा के पुत्र आशाराम बंजारा को 20240 रूपये नोटिस आया है। आशाराम का कहना है कि वह खेत में मोटर से पानी दे रहा था। एक साहब आये और नाम पूछा अगले ही दिन चालानी नोटिस घर आ गया। इस संबंध में बहादुरपुर जेई का कहना है कि वह दो मोटर का संचालन कर रहा था।
वहीं ग्राम पंचायत केशलोन के पथरिया में बालकिशन अहिरवार की लंबे समय से 1 लाख 40 रूपये खर्च कर 25 केव्ही का ट्रांसफार्मर रखा है उसे 33895 रूपये का नोटिस थमाया गया है। बालकिशन का कहना है कि उसने ठेकेदार दांगी को 1 लाख 40 हजार रूपये जमा किये हैं उसने 25 केव्ही का ट्रांसफार्मर रख दिया है, लेकिन विद्युत कंपनी मुझे बिजली चोर समझ रही है।
उधर बिरमाल पुत्र बादामसिंह को भी 20420 रूपये का नोटिस दिया है। उनका कहना है कि यह नोटिस लाइनमेन भरत यादव ने नहीं दिया बल्कि पडोस के एक लड़के उन्हें दिया है। उनके पिता बादामसिंह के नाम 25 केव्ही का ट्रांसफार्मर रखा है इसके बाद भी उनके नाम से 20 हजार से ज्यादा का बिजली चोरी का नोटिस
दिया है। इसी तरह विनयसिंह के यहां खेत तो हैं न ही मोटर चलती है। उनका कहना है किवह दूसरों से किराये से अपने खेतों में पानी दिलवाते हैं। खेत पर टपरा बनाकर रह रहे हैं। उनको भी 6 हजार रूपये से अधिक का नोटिस देकर लोक अदालत मुंगावली में बुलाया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि टारगेट पूरा करने के लिए जबरन चालानी नोटिस दिये गये हैं। इस संबंध में जेई ने बताया कि सभी नोटिस बिजली चोरी को लेकर दिये गये हैं। कोई नोटिस गलत नहीं है।
