इंदौर: भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 2026 में सांसद शंकर लालवानी ने सादगी, पर्यावरण संरक्षण एवं सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश देते हुए ई-बस से प्रशिक्षण स्थल तक यात्रा की। उन्होंने विजय नगर से एचआर ग्रीन गार्डन तक ई-बस में सफर किया तथा यूपीआई के माध्यम से टिकट का भुगतान किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल-डीजल बचत एवं सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहन देने के आह्वान के अनुरूप सांसद लालवानी आम नागरिकों के बीच बैठकर यात्रा करते हुए एमआर-10 तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने युवाओं एवं यात्रियों से संवाद कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के महत्व पर चर्चा की।
यात्रा के दौरान छात्र सरस जैन ने सांसद से पूछा कि क्या वे नियमित रूप से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते हैं। इस पर सांसद लालवानी ने कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों के कारण प्रतिदिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना संभव नहीं हो पाता, लेकिन अब वे सप्ताह में एक दिन अवश्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट से यात्रा करने का प्रयास करेंगे।
इसी दौरान मोहित सिंह ने संसद की कार्यवाही और उसके संचालन के संबंध में जानकारी ली तथा संसद भवन देखने की इच्छा व्यक्त की। सांसद लालवानी ने तत्काल अपने निजी सहयोगी कपिल जैन को आवश्यक समन्वय कर मोहित सिंह को दिल्ली स्थित संसद भवन का भ्रमण कराने की जिम्मेदारी सौंपी।
इंजीनियरिंग की छात्रा सीमा गुप्ता ने “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर अपनी बात रखते हुए कहा कि यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो देश का समय और धन दोनों बचेंगे तथा आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। सांसद लालवानी ने युवाओं की जिज्ञासाओं और सुझावों की सराहना करते हुए लोकतांत्रिक विषयों पर उनकी जागरूकता को सकारात्मक बताया।
गौरतलब है कि भाजपा इंदौर शहर एवं ग्रामीण द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं चयनित कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण वर्ग में संगठनात्मक विषयों, सेवा कार्यों, जनसंपर्क तथा पार्टी की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
