भोपाल। सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए एसी ई-बसों का व्यावसायिक संचालन शुरू हो गया है। टिकटिंग सॉफ्टवेयर की टेस्टिंग और ट्रायल रन पूरा होने के बाद गुरुवार से पहली बार यात्री इन बसों में सफर कर रहे हैं। फिलहाल 10 ई-बसें 3 प्रमुख रूटों पर संचालित की जा रही हैं।
ई-बसों का संचालन चिरायु हॉस्पिटल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन, बैरागढ़ चिचली और रेलवे कोच फैक्ट्री रूट पर किया जा रहा है। यात्रियों के लिए अच्छी खबर यह है कि इन एसी बसों का किराया मौजूदा लाल सिटी बसों के बराबर ही रखा गया है। न्यूनतम किराया 7 रुपये और अधिकतम 40 रुपये निर्धारित किया गया है, यानी एसी सुविधा के लिए अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
नई ई-बसें शहर के सभी निर्धारित बस स्टॉप पर रुक रही हैं, जिससे यात्रियों को सुविधा मिल रही है। हालांकि, फिलहाल बसों की तय समय-सारणी जारी नहीं की गई है।
भोपाल में अब तक 30 ई-बसें पहुंच चुकी हैं। पहले चरण में 10 बसों का संचालन शुरू किया गया है, जबकि अगले चरण में 10 और बसें सड़कों पर उतरेंगी। 15 अगस्त को इन ई-बसों का औपचारिक लोकार्पण किया जाएगा, जिसके बाद सभी 30 बसों के संचालन की तैयारी है।
यात्रियों ने एसी सुविधा, आरामदायक सफर और किफायती किराए की सराहना की है। उम्मीद की जा रही है कि ई-बस सेवा से न केवल लोगों का सफर आसान होगा, बल्कि राजधानी में पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
