भोपाल, 17 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने आज कहा कि अपैक्स बैंक भर्ती प्रक्रिया को लेकर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह से भ्रामक और तथ्यहीन हैं।
श्री सारंग ने आज यहां पत्रकारों से चर्चा में कहा कि अपैक्स बैंक में रिक्त पदों पर लिखित परीक्षा ऑनलाइन कराई गई है। यह परीक्षा इंस्टिट्यूट ऑफ़ बैंकिंग पर्सनेल सिलेक्शन (आईबीपीएस) मुंबई के माध्यम से नियमानुसार कराई गयी है।आईबीपीएस संस्था आरबीआई, व्यावसायिक बैंक, नाबार्ड, आरआरबी आदि के कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया संपादित करती है। उन्होंने कहा कि इंटरव्यू के नंबर और लिखित परीक्षा के नंबर मिलाकर मैरिट बनाई जाती है, लिखित परीक्षा की मैरिट नहीं बनती है।
उन्होंने कहा कि प्रथम गुप्ता एमडी मनोज कुमार गुप्ता के भतीजे नहीं हैं और न ही उनके किसी रिश्तेदार ने परीक्षा में भाग लिया है। रिटायर्ड ज्वाइंट रजिस्ट्रार एसएन कोरी की बेटी मोना नही है। उनकी एक मात्र पुत्री का नाम सुनिता कोरी है, जो 42 वर्ष की होकर विधवा है, जो परीक्षा में भाग ही नहीं ले सकती हैं। अपेक्स बैंक के ओएसडी अरूण मिश्रा के किसी भी रिश्तेदार के द्वारा उक्त परीक्षा में भाग नही लिया गया है और न ही संकल्प मिश्रा उनके भतीजे हैं। सहकारिता मंत्री ने कहा कि अपेक्स बैंक भर्ती चयन प्रक्रिया में लगाए गए आरोप पूरी तरह से भ्रामक और तथ्यहीन हैं।
