
मक्सी। मक्सी रेलवे जंक्शन पर इन दिनों अवैध वेंडिंग और अस्वीकृत पानी की बोतलों की बिक्री का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. चूंकि मक्सी रेलवे स्टेशन व्यस्ततम जंक्शन होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रेनों का आवागमन होता है. जहां इन दिनों अवैध वेंडिंग और अस्वीकृत पानी की बोतलों की बिक्री खुलेआम जारी है और अभी जो कि इस मई माह में हो रही भीषण गर्मी में अस्वीकृत पानी की बोतले बेचकर यात्रियों से बहुत ज्यादा फायदा उठाया जा रहा हैं.
सूत्रों के अनुसार स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर बड़ी संख्या में बिना अनुमति वाले वेंडर यात्रियों को पानी, खाद्य सामग्री एवं अन्य सामान बेच रहे हैं. आरोप है कि रेलवे द्वारा अधिकृत सीमित वेंडरों के अलावा दर्जनों युवक प्लेटफॉर्म पर सक्रिय हैं जिन पर किसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है और जिसे रेलवे द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है.
अस्वीकृत पानी पीने की बोतल 20 रूपए की
जानकारी के मुताबिक स्टेशन पर रेलवे से अधिकृत पानी की बोतल का मानक जहां रेलवे द्वारा 14 रुपए तय किया गया है, उसके बावजूद मक्सी रेलवे स्टेशन पर बड़ी मात्रा में बिना अनुमति वाली अवैध हरी पन्नी एवं हरे ढक्कन वाली पानी की बोतलें यात्रियों को ऊंचे दामों पर बेची जा रही हैं. स्टेशन पर जब हरी पन्नी एवं हरे ढक्कन वाली पानी की बोतल खरीदी गई तो उन्हें वो बोतल वेंडर द्वारा 20 रुपए में दी गई. इधर प्लेटफॉर्म पर अवैध वेंडरों की संख्या लगातार बढ़ रही है. ट्रेन रुकते ही बड़ी संख्या में युवक पानी एवं खाद्य सामग्री बेचने पहुंच जाते हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा के साथ साथ गुणवत्ता को लेकर भी संदेह बना रहता है. कई खाद्य सामग्री बिना स्वच्छता मानकों के तैयार होने की बात भी सामने आई है, जिससे यात्रियों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडराने का डर है.बताया जा रहा है कि लंबे समय तक खड़ी रहने वाली ट्रेनों के दौरान यह गतिविधियां अधिक बढ़ जाती हैं.
इनका कहना है
संबंधित विभाग को इस संबंध में सूचित किया जा रहा है और इसकी जांच की जाएंगी.
मुकेश कुमार, रेल्वे जनसंपर्क अधिकारी.
