भोपाल। मध्यप्रदेश शासन ने राजस्व लक्ष्य की पूर्ति में लापरवाही बरतने पर तीन जिलों के दो आबकारी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, अशोकनगर एवं गुना में मदिरा दुकानों के संचालन और राजस्व वसूली में अपेक्षित तत्परता एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी गुरूप्रसाद केवट को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय उपायुक्त आबकारी, संभागीय उड़नदस्ता, ग्वालियर कार्यालय निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार, बैतूल जिले में वर्ष 2026-27 के लिए मदिरा दुकानों के निष्पादन में अनियमितताओं और राजस्व हितों की अनदेखी के चलते जिला आबकारी अधिकारी अंशुमन सिंह चिडार को भी निलंबित किया गया है। उनका मुख्यालय उपायुक्त आबकारी, संभागीय उड़नदस्ता, भोपाल कार्यालय तय किया गया है।
दोनों अधिकारियों को निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। शासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
