इंदौर:बेटमा क्षेत्र में कंपनी से ड्यूटी कर लौट रहे युवक की बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी युवक का मोबाइल लूटकर फरार हो गए. गंभीर हालत में युवक भेरूबाबा मंदिर के पास ओटले पर मिला, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राहुल पंवार उम्र 28 साल निवासी ग्राम रावत के रूप में हुई है.
परिजनों ने पुलिस को बताया कि राहुल सोमवार दोपहर 3 बजे बुलेट मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर गया था. उसकी रात 11.30 बजे छुट्टी होती थी और वह रोजाना 12 बजे तक घर लौट आता था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित हो गए. भाई रवि पंवार उसे तलाशते हुए सागौर कुटी रोड होते हुए सिंधीपुरा पहुंचा, जहां भीड़ लगी थी. वहां राहुल मंदिर के ओटले पर खून से लथपथ पड़ा मिला. वह उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
नाले की ओर से खून से लथपथ भागते आया था राहुल
प्रत्यक्षदर्शी जादू सिंह ने पुलिस को बताया कि राहुल नाले की तरफ से खून से लथपथ घायल हालत में भागते हुए आया था. उसने लोगों से पानी मांगा और बताया कि भेरूबाबा मंदिर के पास कुछ बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर मोबाइल लूट लिया. पुलिस जांच में राहुल की पीठ और दाहिने हाथ पर धारदार हथियार के गहरे घाव मिले हैं. घटनास्थल के पास उसकी बुलेट बाइक भी खड़ी मिली. थाना प्रभारी मीना कर्णावत ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज कर लिया है, आरोपियों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
