बड़वानी: जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण कार्य की तैयारियां जिले में निर्धारित समय-सीमा के अनुसार सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी चार्जों में कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्णत: पालन हो।जिला जनगणना अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले के सभी तहसील एवं नगरीय चार्जों में मकान सूचीकरण ब्लॉको (एचएलबी) का गठन एवं सीमांकन कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
एचएलबीसी पोर्टल पर किसी तरह की ओवरलैपिंग या ओमिशन की स्थिति न रहे, इसके लिए विशेष गुणवत्ता जांच कर आवश्यक सुधार भी सुनिश्चित किए गए हैं।सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्य पूर्व में ही पूर्ण किया जा चुका है तथा उन्हें संबंधित एचएलबी एवं सुपरवाइजर सर्कल का आवंटन कर दिया गया है। साथ ही नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र एवं आवश्यक किट का वितरण भी सुनिश्चित किया गया है।प्रथम चरण के फील्ड कार्य के पूर्व प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में एचएलबी की पहचान कर ली गई है तथा 1 से 3 मई तक भवन क्रमांकन एवं लेआउट मैप तैयार करने का कार्य निर्धारित अनुसार संपन्न किया जा रहा है।
एचएलबी मोबाईल एप के माध्यम से कार्य किए जाने के दृष्टिगत सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा एप इंस्टॉल एवं लॉगिन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जा रही है। जिला एवं चार्ज स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर तकनीकी सहायता एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण की व्यवस्था की गई है।
प्रगति पर रहेगी आगे की कार्रवाई
जिला प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनगणना कार्य के प्रति आमजनों में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके। जिला जनगणना अधिकारी सोहन कनाश ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं एवं अब फील्ड कार्य नियत समय पर प्रारंभ कर आगे की कार्रवाई प्रगति पर रहेगी।
