बिजली कटौती को लेकर फूटा लोगों का ग़ुस्सा

जबलपुर: शहर इन दिनों भीषण गर्मी के साथ-साथ गंभीर बिजली संकट से जूझ रहा है। पिछले एक सप्ताह से शहर के आधे हिस्से में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती ने आमजन का जीना मुश्किल कर दिया है। घंटों तक बिजली गुल रहने से जहां लोग गर्मी से बेहाल हैं, वहीं पानी की किल्लत और रोजमर्रा के कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। लगातार हो रही परेशानी के कारण लोगों में गुस्सा धीरे-धीरे उबल रहा था, जो शनिवार देर रात सड़कों पर फूट पड़ा।

शनिवार देर रात बड़ी संख्या में नाराज उपभोक्ता उखरी स्थित पावर हाउस पहुंच गए। यहां लोगों ने बिजली व्यवस्था को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने अधिकारियों और कर्मचारियों से जवाब मांगते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों और बिजली विभाग के कर्मचारियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
कटौती पर रोक लगाई जाए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार को मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा था, जिससे उनका धैर्य जवाब दे गया। वहीं कर्मचारियों का कहना है कि तकनीकी खामियों और लोड बढ़ने के कारण समस्या उत्पन्न हो रही है। लेकिन इस बहस ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए। स्थानीय लोगों की मांग है कि बिजली कटौती पर तुरंत रोक लगाई जाए और नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र हो सकता है। बता दे कि पावर हाउस में हंगामे के बाद आक्रोशित लोग माढ़ोताल स्थित बिजली कार्यालय पहुंच गए और वहां सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए इस विरोध के चलते यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

Next Post

नागपुर के धामनगांव में लगी आग में 50 घर जलकर खाक; पशुधन का नुकसान, परिवार हुए बेघर

Sun May 3 , 2026
नागपुर, 03 मई (वार्ता) महाराष्ट्र के नागपुर जिले की भीवापुर तहसील के धामनगांव गांव में कथित रूप से कचरा जलाने से लगी भीषण आग में लगभग 50 घर जलकर खाक हो गए जिससे कई परिवार बेघर हो गए और संपत्ति एवं पशुधन का भारी नुकसान हुआ। यह जानकारी अधिकारियों ने […]

You May Like